हरिद्वार, 29 दिसम्बर। हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण द्वारा जनपद में अनधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को लक्सर रोड, इक्कड़ खुर्द सराय रोड तथा मंगलौर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्सर रोड हरिद्वार में जमालपुर रोड से किशनपुर जाने वाले मार्ग पर मैदा मील के समीप लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। वहीं इक्कड़ खुर्द सराय रोड पर स्वर्ण लोक के बगल में श्री मुबारक अली द्वारा लगभग 20 बीघा भूमि में बिना अनुमति प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके अतिरिक्त मंगलौर के टांडा भनेड़ा रोड क्षेत्र में श्री अब्दुल्ला द्वारा लगभग 20 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण द्वारा उक्त सभी मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए। बावजूद इसके, संबंधित निर्माणकर्ताओं द्वारा लगातार निर्देशों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी रखा गया। जिस पर प्राधिकरण टीम ने जेसीबी की सहायता से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अनधिकृत निर्माणकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भविष्य में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
