लोहे की रॉड से की थी हत्या, पुलिस ने खोला राज, नशे की हालत में दिया था वारदात को अंजाम, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर किया हथियार बरामद किया
हरिद्वार 30 सितंबर। पति ने अपनी पत्नी के नाम एक प्लॉट करा दिया, बाद में ज़ब पति ने वो प्लॉट बेचना चाहा तो पत्नी ने आनाकानी की और पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। पति अपनी पत्नी से नाराज़ चल रहा था, इसी बीच रात को नशे की हालत में लौटे पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने 28 सितंबर को लेबर कॉलोनी में हुए हत्याकांड का खुलासा किया तो उक्त बातें सामने आई हैं। पुलिस ने हत्यारोपी पति को जेल भेज दिया है।
28 सितम्बर की देर रात रानीपुर के BHEL सेक्टर-5 स्थित लेबर कॉलोनी में मंजू देवी पत्नी घनश्याम पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। घायल मंजू देवी को मेला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और फील्ड यूनिट टीम ने साक्ष्य संकलन किया। हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि पति पत्नी में अक्सर विवाद रहता था।
29 सितम्बर की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी घनश्याम को BHEL सेक्टर-5 स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने नशे और विवाद के चलते हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई।
