हरिद्वार, 2 जनवरी। जनपद को अतिक्रमण मुक्त बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में ही सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत शासकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए गए थे।
इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 334 के विभिन्न हिस्सों में बड़ी कार्रवाई की गई। अधिशासी अभियंता एनएचएआई अतुल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रानीपुर झाल से बहादराबाद बाईपास तक तथा मंगलौर क्षेत्रांतर्गत बिना अनुमति एवं अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, बोर्ड और कुल 14 बड़े यूनीपोल को अधिकृत एजेंसी की सहायता से हटाया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध रूप से बनाए गए खोखे, झुग्गी-झोपड़ी और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है, जिससे यातायात सुचारू रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जनपद में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या होर्डिंग न लगाएं, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
