हरिद्वार, 20 मार्च। ( रूपेश वालिया ) उत्तराखंड की धामी सरकार ने आखिरकार बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया और सबसे बड़ा फायदा हरिद्वार जनपद को मिला। करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद हरिद्वार को एक नहीं, बल्कि दो-दो कैबिनेट मंत्री मिल गए। भाजपा के दिग्गज नेता मदन कौशिक और विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट में जगह देकर पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि अब 2027 की तैयारी पूरी ताकत से शुरू हो चुकी है। यह पहला मौका है जब हरिद्वार जनपद से एक साथ दो कैबिनेट मंत्री सरकार में शामिल हुए हैं। वहीं, भाजपा के एक और विधायक आदेश चौहान इस बार भी मंत्री पद की दौड़ में पीछे रह गए। राजनीतिक नजरिए से देखें तो यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में हरिद्वार की 11 सीटों में से भाजपा को सिर्फ 3 पर जीत मिली थी, जबकि बाकी सीटें कांग्रेस, बसपा और निर्दलीयों के खाते में चली गई थीं। ऐसे में भाजपा ने चुनाव से ठीक एक साल पहले हरिद्वार को मजबूत प्रतिनिधित्व देकर बड़ा सियासी दांव चला है। पार्टी को उम्मीद है कि डबल कैबिनेट मंत्री फार्मूला 2027 में सीटों की संख्या बढ़ाने में गेमचेंजर साबित हो सकता है।
