हरिद्वार, 25 मार्च। नगर निगम हरिद्वार में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर की रैंकिंग सुधारना रहा। बैठक में सभी सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए निरीक्षकों को प्रतिदिन कम से कम 10 चालान करने के निर्देश दिए गए, जो गंदगी फैलाने, अतिक्रमण और निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट पर केंद्रित होंगे। इसके अलावा, बड़े कचरा उत्पादकों की निगरानी बढ़ाने और गीले कचरे के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नगर क्षेत्र में संचालित सभी डिस्लजिंग वाहनों के पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश भी दिए गए। ज्वालापुर क्षेत्र में गोबर प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति बनाने और 100 प्रतिशत कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। बैठक के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर तथा मुख्य सफाई निरीक्षक विकास चौधरी उपस्थित रहे।
