हरिद्वार, 13 जनवरी। साल के पहले स्नान पर्व लोहड़ी व मकर संक्रांति को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस व प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात फोर्स को संयुक्त रूप से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि यह वर्ष का पहला स्नान पर्व होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक वृद्धि संभव है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी-कर्मी को मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार रहकर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभानी होगी। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और घाटों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संपूर्ण मेला क्षेत्र को 08 जोन व 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों व कर्मचारियों से सर्द मौसम में स्वयं का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनाती स्थलों पर समय से पहुंचने, विद्युत सुरक्षा, शौचालयों में जल व्यवस्था, स्वच्छता, आवारा पशुओं की रोकथाम, होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मनसा देवी व चंडी देवी मार्गों पर कतारबद्ध दर्शन, महिला घाट पर विशेष सतर्कता, जल पुलिस की तैनाती, एंटी-सबोटाज सर्च, बम निरोधक व श्वान दल की सतत चेकिंग तथा घुड़सवार पुलिस की तैनाती की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु रखने हेतु विशेष योजना लागू रहेगी और पर्व समाप्ति तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि अनुशासन, समन्वय और तकनीकी निगरानी के साथ यह स्नान पर्व सुरक्षित व व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा।
