हरिद्वार 27 जनवरी। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय तथा गायत्री विद्यापीठ में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस गौरवमयी अवसर पर संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या तथा गायत्री विद्यापीठ की व्यवस्था मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या ने आन-बान-शान की प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात शांतिकुंज के बैण्ड दल द्वारा सुमधुर धुन में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया।
अपने संदेश में संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस कर्तव्यबोध की चेतना का पर्व है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में नैतिकता, अनुशासन और सेवा भाव को आत्मसात करें। राष्ट्र का सशक्त निर्माण चरित्रवान नागरिकों से ही संभव है। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि राष्ट्र की आजादी की रक्षा केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि हमारे विचारों, संस्कारों और आचरण से भी होती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, प्रेरणादायक उद्बोधन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। समारोह के अंत में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु सामूहिक संकल्प लिया गया।
वहीं प्रेस क्लब में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा ने क्लब प्रांगण में ध्वजारोहण किया और वरिष्ठ पत्रकारों एवं सदस्यों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान मेहताब आलम, दीपक मिश्रा, राधिका नागरथ, अरुण मिश्रा, विजेंद्र हर्ष ने देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर देश की आजादी में योगदान देने वाले शहीदों को नमन किया। अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा ने कहा कि अनेकों वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान कर देश को अग्रेंजी हुकुमत से आजाद कराया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। हमारा देश स्वतंत्रता, एकता और समृद्धि का प्रतीक है। पत्रकार समाज को राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देने वाले युवा पत्रकारों का उत्साह वर्धन भी किया। वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत शुक्ला एवं आदेश त्यागी ने कहा कि विभिन्न धर्माे, जातियो, और संस्कृतियों के लोग एक साथ मिलकर भारत को आगे बढ़ा रहे हैं। देश के अमर शहीदों की कुर्बानियांे एवं प्रयासों से ही हम आजादी का जश्न मना रहे हैं। उनके बलिदानों को हमेशा याद रखना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, दीपक नौटियाल, अविक्षित रमन, रामचंद्र कनौजिया, संजय आर्य, शिवा अग्रवाल, बालकृष्ण शास्त्री, काशीराम सैनी, राहुल वर्मा, गुलशन नैय्यर आदि ने भी देश की आजादी में योगदान देने वाले वीरों के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान सुभाष कपिल, अमित गुप्ता, विकास झा, विकास चौहान, शिवकुमार शर्मा, सुनील पाल, राहुल वर्मा, कुमकुम शर्मा, सुदेश आर्य, शिवशंकर जायसवाल, सुनील अरोड़ा, मुदित अग्रवाल, अरुण शर्मा, रत्नमणी डोभाल, महेश पारीक, कुमार दुष्यंत, गोपाल सिंह पटुवर, राधिका नागरथ, संजय चौहान , तनवीर अली, सोमेश खत्री, सचिन सैनी, सुमित यश कल्याण, हरीश, पुलकित शुक्ला, अमरीश, विकास आदि मौजूद रहे।
उधर साथ-साथ बीएचईएल हरिद्वार में भी, 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया । इस उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में, मुख्य अतिथि बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही उपनगरी स्थित स्कूलों तथा सीआईएसएफ की प्लाटूंस ने मार्च पास्ट के द्वारा, तिरंगे के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान को व्यक्त किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए रंजन कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और भारत की संप्रभुता का प्रतीक है । उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल कानूनों का संग्रह मात्र नहीं है, बल्कि यह समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मूल आदर्शों पर आधारित एक जीवंत दस्तावेज है । श्री रंजन कुमार ने बताया कि भारतीय गणतंत्र को और सशक्त बनाने में बीएचईएल जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने, अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है ।
इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, बीएचईएल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों, सीआईएसएफ कर्मियों, सर्वश्रेष्ठ प्लाटूंस एवं सर्वश्रेष्ठ प्लाटून कमांडर्स आदि को भी सम्मानित किया गया । समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा प्रेरणाप्रद झांकियां भी प्रदर्शित की गई । कार्यक्रम में बीएचईएल लेडीज क्लब की संरक्षिका श्रीमती नंदन कुमारी ने, तिरंगे के प्रतीक रंग बिरंगे गुब्बारों का भी प्रदर्शन किया ।
इस अवसर पर महाप्रबन्धकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन तथा बहुत बड़ी संख्या में उपनगरीवासी उपस्थित थे । मुख्य समारोह के पश्चात रंजन कुमार तथा नंदन कुमारी ने लेडीज क्लब की सदस्याओं तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ, मुख्य चिकित्सालय में भर्ती रोगियों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की ।
