विजय दिवस पर 1971 युद्ध के शहीदों को नमन, वीरनारियों व पूर्व सैनिकों का सम्मान
हरिद्वार, 16 दिसम्बर। विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय सभागार एवं परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 1971 के भारत–पाक युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस, शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। इस युद्ध में लगभग 3900 भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि हमें उनके बलिदान, साहस और देशभक्ति को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की सुरक्षा केवल बाहरी दुश्मनों से ही नहीं, बल्कि आंतरिक चुनौतियों से भी सजग एवं सतर्क रहकर सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने जनपद की उन्नति, प्रगति एवं उसे आदर्श जनपद बनाने के लिए सभी नागरिकों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शहीद सैनिकों की वीरनारियों, उनके परिजनों तथा पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मेयर किरण जैसल ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को शत-शत नमन है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मेयर हरिद्वार द्वारा शहीद सैनिकों की वीरनारियों एवं पूर्व सैनिकों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मीशा देवी (राइफलमैन स्व. मनोज सिंह), मंजू त्यागी (नायक राधे श्याम), शिला देवी (सिपाही पारस नाथ), माहेश्वरी देवी (सूबेदार राजे सिंह नेगी), मिथलेश देवी (सिपाही बृजपाल सिंह), गीता सैनी (हवलदार सोनित कुमार सैनी) सहित पूर्व सैनिक कुंवर सिंह, मुकेश कुमार, जगदीश प्रसाद, जरीफ अहमद, दुर्गा दत्त, रामेश्वर प्रसाद आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई। शहीद सैनिकों के सम्मान में पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पवार (अ.प्रा.) ने समस्त पूर्व सैनिकों, वीरनारियों, आश्रितों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व तथा सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से सैनिकों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी. आर. चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सूचना अधिकारी रती लाल शाह, पूर्व सैनिक, वीरनारियां, उनके परिजन, एनसीसी कैडेट एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे।
