हरिद्वार, 03 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन सहित प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस एवं प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा सुविधाएं, आपातकालीन सेवाएं तथा अग्निशमन दल को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पुलिस विभाग को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा, ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, दायित्वधारी राज्य मंत्री अजीत चौधरी, जयपाल सिंह चौहान, देशराज कर्णवाल, सोभाराम प्रजापति, प्रदेश महासचिव अनिल गोयल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एमडी शिडकुल सौरव गैहरवार, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, एसपी सीटी अभयप्रताप सिंह, सीओ सीटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।
