हरिद्वार, 11 फरवरी। थाना कनखल क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व जंगल की झाड़ियों में मिले युवक के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझा लिया है। एसएसपी निर्देशन में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए मृतक के दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के बाद पत्थर से कुचलकर दोस्त की हत्या कर दी थी।
उक्त खुलासे की जानकारी पत्रकारों को देते हुए SSP प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में की। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें मृतक कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदकर एक स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविन्द उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद फरार होकर मथुरा चला गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 फरवरी की रात उसने और कुनाल ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और मारपीट करने लगा। गुस्से में आकर अरविन्द ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। पत्रकार वार्ता में SP सिटी अभय प्रताप सिंह, CO सिटी शिशुपाल सिंह, कोतवाल कनखल भी उपस्थित थे।
