हरिद्वार, 26 मार्च। सिडकुल क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी जमानती गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड सरफराज और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार किया है। यह गैंग पेशेवर तरीके से जमानत दिलाने के लिए झूठे दस्तावेज और फर्जी शपथपत्र का इस्तेमाल करता था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी किसी और की जमीन के कागजात का इस्तेमाल कर अदालत में जमानत दिलवा देते थे, जबकि असली जमीन मालिक को इसकी भनक तक नहीं होती थी। इससे पहले इसी मामले में गैंग के तीन अन्य सदस्यों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पुलिस ने सरगना के पास से कई अहम दस्तावेज और जेल में बंद आरोपियों के मोबाइल भी बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
