हरिद्वार, 14 नवम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस बल में अनुशासनहीनता के मामले में त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी राजेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें राजेश सिंह पर 14/15 नवम्बर की रात को देहरादून निवासी आर. यशोवर्धन के साथ मारपीट करने का आरोप पाया गया।
सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण की रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा हरिद्वार पुलिस को भेजी गई, जिसमें घटना से संबंधित तथ्यों की पुष्टि की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी हरिद्वार ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई लागू की।
एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, और पुलिस बल में अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि दुर्व्यवहार, शक्ति के दुरुपयोग और अनुशासनहीनता के मामलों में उनकी ज़ीरो टॉलरेंस की नीति है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग के सभी कर्मियों को सख्त संदेश दिया गया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीन व्यवहार या अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
