हरिद्वार, 25 मार्च। सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने साफ संदेश दिया कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग को शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लगातार चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। चारधाम यात्रा से पहले सड़कों की स्थिति सुधारने पर भी विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मरम्मत कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं। साथ ही हाईवे पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने और उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें खत्म करने, जरूरी स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जहां भी यातायात का दबाव ज्यादा है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से फरवरी 2026 के बीच हजारों चालान किए गए हैं। बिना हेलमेट, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और मोबाइल इस्तेमाल जैसे मामलों में बड़ी संख्या में कार्रवाई हुई है, जिससे प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है। डीएम ने दोहराया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, एसपी क्राइम निशा यादव, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी के सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग सुरेश तोमर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन रुड़की जितेन्द्र चन्द सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
