निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसियाबड़ के पास बने लगभग 2.2 किलोमीटर लंबे डायवर्जन मार्ग की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए रिपेयरिंग कार्य तत्काल आरंभ करने और तीन दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परियोजना निदेशक (एनएचएआई) से कार्य की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी डायवर्जन और सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए ताकि श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परियोजना निदेशक एस. शर्मा ने बताया कि डायवर्जन मार्ग की मरम्मत का कार्य तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नजीबाबाद बायपास का निर्माण कार्य इस वर्ष के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे हरिद्वार आने वाले यात्रियों को नजीबाबाद शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक (एनएचएआई) एस. शर्मा एवं प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
