हरिद्वार, 9 फरवरी। डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर में बोर्ड परीक्षा एवं गृह परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे विद्यार्थियों की सफलता की कामना के उद्देश्य से वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वानप्रस्थ आश्रम आर्य नगर, ज्वालापुर से पधारे स्वामी तेजस मुनि ने यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा के अनुरोध पर विशेष रूप से कक्षा 10 व 12 के बोर्ड परीक्षार्थियों की सफलता एवं कक्षा 12 के छात्रों की विदाई के अवसर पर आशीर्वाद प्रदान करने हेतु किया गया है।
स्वामी तेजस मुनि ने कहा कि यज्ञ न केवल वातावरण को शुद्ध करता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता बढ़ाकर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल सुदृढ़ होता है।
यज्ञ के पश्चात पंडित राज बल शर्मा वैदिक न्यास द्वारा आयोजित आर्य संस्कृति व साहित्य ज्ञान परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। पंडित प्रभात मुनि ने बताया कि इस परीक्षा की तैयारी हेतु लगभग एक माह तक कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को प्रतिदिन एक घंटे का प्रशिक्षण दिया गया। परिणामस्वरूप कक्षा 8 की सिमरन सैनी ने प्रथम, कक्षा 7 की गोरी ने द्वितीय तथा कक्षा 8 की खुशी वर्मा एवं कक्षा 6 की आस्था ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। न्यास की ओर से विजेताओं को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि अन्य छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
वानप्रस्थ आश्रम के प्रधान आर.के. गुप्ता ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे आयोजन प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ। कार्यक्रम के समापन पर पंडित राजपाल शर्मा वैदिक न्यास के अधिष्ठाता प्रभात मुनि एवं सविता शर्मा द्वारा छात्र छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को प्रसाद के रूप में मिष्ठान्न वितरण किया गया इस अवसर पर वानप्रस्थ आश्रम के उप प्रधान कामेंद्र आर्य, सुबोध गुप्ता, निर्मल सचदेवा, राजेंद्र बिष्ट, दिनेश कुमार शर्मा तथा विद्यालय के शिक्षक प्रवीण त्यागी, सरीन कुमार,श्रवण कुमार, दीपक मिश्रा, प्रियंका शर्मा, निधि शर्मा, जागृति पंडित, राजीव कौशिक, नीरज कुमार, सुषमा शर्मा, यज्ञ राज भट्ट, निशा,राजेश ठाकुर, प्रेम, आशीष आदि उपस्थित रहे
