हरिद्वार, 22 नवम्बर। हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने जमालपुर कलां, इक्कड़, श्यामपुर कांगड़ी आदि विभिन्न स्थानों पर विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की कार्यवाही के चलते कालोनाईजर्स में हड़कंप मच गया।
भानू प्रताप स्कूल से लगे तालाब के पास राजा गार्डन क्षेत्र में सूरज सैनी व अन्य द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी, जिसके विरुद्ध वाद प्राधिकरण में योजित है का निरीक्षण किया गया। वहां पर काम चलता देखकर प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
इसी प्रकार ग्राम-इक्कड़, जनपद-हरिद्वार में रामा एन्क्लेव से आगे इक्कड़ कला–सराय रोड परमुअज्जम अली एवं अन्य द्वारा चल रहे अनधिकृत कॉलोनी विकास कार्य पर भी प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।
ग्राम-इक्कड़ स्थित श्मशान घाट के समीप हितबद्ध व्यक्ति द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्य को टीम द्वारा रोकते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
ग्राम-खंजनपुर में शमीम द्वारा लगभग 15–16 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी तथा शेरपुर, तहसील रूड़की में शनि मंदिर के पीछे कमल किशोर द्वारा 9–10 बीघा क्षेत्र में की जा रही कॉलोनी को भी प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत शामिल किया गया।
श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार में बृजमोहन राणा द्वारा किए जा रहे अनधिकृत विकास कार्य पर भी प्राधिकरण द्वारा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्राधिकरण द्वारा इन सभी विकासकर्ताओं को पूर्व में बारंबार स्थल पर विकास कार्य तुरंत रोके जाने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु निर्देशों का अनुपालन न किए जाने के कारण प्राधिकरण उपाध्यक्ष के आदेशानुसार प्राधिकरण की टीम ने सभी स्थलों पर चल रहे अनधिकृत निर्माण और विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार ने कहा कि अवैध कॉलोनी या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और प्राधिकरण की यह कार्रवाई भविष्य में भी सतत रूप से जारी रहेगी।
