जनसुनवाई कार्यक्रम में 21 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर निस्तारण
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 9 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, खनन एवं सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
शिकायतकर्ता पदम प्रसाद, ग्राम चूड़ियाल मोहनपुर ने युवक मंगल दल के खेल मैदान पर हुए अनाधिकृत कब्जे को हटाने की मांग की। वहीं चंद्रावती देवी, निवासी ग्राम अजीतपुर ने ग्राम बिशनपुर मुस्तकम में चकरोड संख्या 188 पर किए गए कब्जे को हटवाने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सुरेंद्र सैनी ने नगर निगम हरिद्वार की नजूल भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग रखी।
इसके अतिरिक्त आजाद सिंह निवासी ग्राम प्रह्लादपुर ने वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम पंचायत मूलदासपुर उर्फ माजरा के ग्रामीणों ने खनन माफियाओं द्वारा दिन-रात किए जा रहे अवैध खनन से मार्ग एवं खेतों को हो रहे नुकसान की शिकायत की। वहीं गोगा महाडी सेवा समिति सिंकदरपुर भैसवाल ने मेला भूमि पर प्रस्तावित सरकारी पार्किंग के निर्माण को रोकने एवं भूमि की देखरेख समिति को सौंपने की मांग की।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.पी. सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
