हरिद्वार, 21 मार्च। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद जिला पूर्ति विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई में गैस माफियाओं की पोल खुल गई। नवोदय नगर चौक पर चेकिंग के दौरान बड़ा खुलासा हुआ, घरेलू गैस सिलेंडरों में खुलेआम घटतौली का खेल चल रहा था। रोशनाबाद स्थित सत्य इंडेन गैस सर्विस के दो वाहनों में कुल 68 सिलेंडर पाए गए, जिनमें से 18 सिलेंडर मानक से कम वजन के निकले। मौके पर ही सभी संदिग्ध सिलेंडर जब्त कर लिए गए और दोनों वाहन चालकों विकास कुमार पुत्र इसम सिंह एवं वाहन चालक नवीन कुमार पुत्र नक्कल सिंह निवासी जगजीतपुर के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विभाग अब एजेंसी मालिक को भी नोटिस जारी करने की तैयारी में है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने साफ कहा कि घरेलू गैस का दुरुपयोग और कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार छापेमारी जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है। उक्त कार्यवाही में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देव चन्द, पूर्ति निरीक्षक प्रकाश एवं पूर्ति निरीक्षक अरुण सैनी उपास्थित रहे।
