शराब पीने के लिए खर्च हुए पैसों को लेकर हुआ था विवाद
साथी मजदूर ने ही झगड़े के बाद की थी हत्या
हरिद्वार, 5 नवम्बर। हमारे देश में किसी इंसान की जान कितनी सस्ती है इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि इनाम में मिले मात्र 500 रूपये के बंटवारे के लिए एक राजमिस्त्री की हत्या उसके ही साथी ने कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसने ये कबूल किया ठेकेदार से मिली इनाम की रकम में मिले 500 रूपये में बंटवारे में उसके हिस्से 200 रूपये आए थे, जिस कारण उसने घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को जेल भेज दिया है।
14 अक्टूबर को शाहजहांपुर निवासी नारद ने कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी कि उसका भाई रामनिवास, जो पेशे से राजमिस्त्री था, की निर्माणाधीन भवन के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है तथा उन्हें संदेह है कि भाई की हत्या की गई है।
प्रकरण के त्वरित खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने गहन जांच, सुरागरसी एवं पतारसी करते हुए मृतक के साथ कार्यरत मजदूर सतेन्द्र को बन्धा रोड हरिद्वार से हिरासत में लिया।
नगर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह और मृतक दोनों निर्माणाधीन मकान में मिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोनों में मित्रता हो गई और प्रतिदिन कार्य समाप्ति के बाद रायवाला जाकर शराब पीने की आदत पड़ गई। 14 अक्टूबर को ठेकेदार द्वारा ईनाम के रूप में ₹500 दिए गए, जिनमें ₹300 मृतक को और ₹200 सतेन्द्र को मिले। शराब पीकर लौटने के पश्चात पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौच और मारपीट के दौरान सतेन्द्र ने रामनिवास की हत्या कर दी।
