हरिद्वार, 22 नवंबर। पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह ने शनिवार को कोतवाली रानीपुर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अनुशासन और कार्यप्रणाली का विस्तृत मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ–सफाई, कार्यालय व्यवस्था, मालखाना, भोजनालय, बैरक, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और CCTNS कार्यालय का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही परिसर में स्थापित सभी CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की।
एसपी सिटी ने थाने में मौजूद असलाह तथा आपदा प्रबंधन संबंधी उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया और उनके सही उपयोग के संबंध में कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों और कर्मचारियों को शस्त्र-अभ्यास भी कराया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्परता सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद उन्होंने थाना स्टाफ का सम्मेलन लिया, जिसमें लंबित विवेचनाओं व प्रपत्रों पर शीघ्र कार्रवाई, ई-बीट को पूर्णतः अद्यावधिक रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सतर्कता, अनुशासन और तकनीक का बेहतर उपयोग ही पुलिसिंग की गुणवत्ता को मजबूत बनाता है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
