हरिद्वार, 23 फरवरी। पुलिस की तत्परता और तकनीकी सूझबूझ का बड़ा उदाहरण सामने आया, जब तुलसी चौक से अपहृत 2 वर्षीय मासूम को मात्र चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। 19 फरवरी की रात करीब 9 बजे गणेश घाट मायापुर निवासी महिला अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सोई हुई थी। देर रात लगभग 1 बजे जागने पर बच्ची गायब मिली। परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस हरकत में आई और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित की गईं। सघन तलाशी अभियान, मैनुअल पुलिसिंग और 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद 20 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास बच्ची लावारिस हालत में सकुशल मिल गई। मेडिकल परीक्षण में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई।जांच के दौरान अपहरणकर्ता की पहचान रवि कुमार (28) निवासी ज्वालापुर के रूप में हुई। 22 फरवरी की रात मायापुर क्षेत्र से उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और बच्ची से भीख मंगवाकर नशे के लिए पैसे जुटाने की योजना बना रहा था। पुलिस की सघन चेकिंग देखकर वह घबरा गया और बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि मुस्तैदी और तकनीक के दम पर अपराधियों के मंसूबे नाकाम किए जा सकते हैं।
