हरिद्वार, 12 मार्च। कुंभ मेला 2027 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने सड़क और रेल यातायात से जुड़ी तैयारियों को तेज कर दिया है। गुरुवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मेला अधिकारी सोनिका ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रेलवे, लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। मेला अधिकारी ने कुंभ क्षेत्र से जुड़े सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत और अन्य परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सुचारु यातायात व्यवस्था और सुरक्षित सड़कें बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने अधिकारियों को सभी सड़कों पर ब्लैक टॉप कराने, प्रमुख चौराहों के सुधार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और मार्गों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पष्ट साइनेज, सूचना बोर्ड, बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा संकेत लगाने को भी कहा गया, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को मार्ग ढूंढने में परेशानी न हो। बैठक में हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग और हरिद्वार रिंग रोड से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। मेला अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इन महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रबंधन की सफलता काफी हद तक निर्भर करेगी, इसलिए निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किए जाएं और उनकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा मोतीचूर क्षेत्र के पुराने मार्ग को कुंभ मेले के दौरान वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पुराने पुल की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए गए। रेलवे व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मेला अधिकारी ने हरिद्वार, मोतीचूर और ज्वालापुर सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से हिल बाईपास की ओर संभावित निकास मार्ग की भी जांच कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी जीआरपी अरुणा भारती, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग आदि विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। देहरादून से एसपी ग्रामीण जया बलूनी सहित कई अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
