मां मनसा देवी मंदिर क्षेत्र के संरक्षण, सौंदर्यकरण एवं सुरक्षा पर दिए विशेष निर्देश
हरिद्वार, 29 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को मां मनसा देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, रोपवे क्षेत्र एवं आसपास की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्तिक पूर्णिमा पर संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बेहतर प्रबंधन योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में बन रही स्थायी चौकी को कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व संचालित किया जाए। भीड़ अधिक बढ़ने की स्थिति में केवल मुख्य मंदिर को ही खोला जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारू बनाए रखने हेतु पुलिस, मंदिर ट्रस्ट एवं रोपवे प्रबंधन के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
मां मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र का संरक्षण और गुणवत्ता पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे कटाव-रोधी एवं संरक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या लापरवाही न बरती जाए। डीएम मयूर दीक्षित ने मंदिर परिसर में स्थापित चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड एवं दवाओं की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक उपकरण और दवाएं सदैव उपलब्ध रहें।जिलाधिकारी ने कहा कि मां मनसा देवी मंदिर का सौंदर्यकरण और पहाड़ी संरक्षण न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि पर्यावरणीय और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान राजगिरी, रोपवे जीएम मनोज डोभाल, उप निरीक्षक हाकम सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई हाकम कुमार, अपर सहायक अभियंता अरुण कुमार, जेई अभिषेक कुमार, नमन शर्मा, महेश दूबे, संतोष कुमार एवं द्वारिका मिश्रा उपस्थित रहे।
