हरिद्वार, 28 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ज्वालापुर स्थित क्रिसेंट पब्लिक स्कूल में एक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकार मित्र पंडित दिव्यांश शर्मा, अंशिका कुमारी तथा पैनल लॉयर काजल सैनी सहित संपूर्ण टीम ने भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पोक्सो, यातायात नियम, शिक्षा का अधिकार, घरेलू हिंसा, एनडीपीएस एक्ट, साइबर लॉ, जुवेनाइल बोर्ड आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निशुल्क कानूनी सहायता एवं निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम शिकायत नंबर 1930, निशुल्क कानूनी सलाह टोल‑फ्री नंबर 15100 तथा एम्बुलेंस सेवा 108 के बारे में विस्तार से बताया गया। शिविर में बच्चों को मोबाइल में अत्यधिक गेम खेलने से बचने, नशा और जुआ से दूर रहने की सलाह दी गई। उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि वे देश की भावी युवा पीढ़ी हैं और जागरूक, शिक्षित तथा नशा‑मुक्त रहकर राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने इस जागरूकता शिविर के संचालन में सहयोग देने वाले सभी अधिकार मित्रों तथा पैनल लॉयर का धन्यवाद किया। इस अवसर पर पंडित दिव्यांश शर्मा, अंशिका कुमारी, काजल सैनी के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक‑शिक्षिकाएँ, छात्र‑छात्राएँ उपस्थित रहे। यह जागरूकता शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के “सभी के लिए न्याय” के मिशन को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
